पलिया कलां (खीरी)
नगर पालिका परिषद पलिया कलां के कई सभासदों ने क्षेत्र में बढ़ते मादक पदार्थ/स्मैक कारोबार और कोतवाली में कथित अभद्र व्यवहार को लेकर स्थानीय विधायक को प्रार्थना पत्र सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सभासदों का आरोप है कि पलिया नगर में स्मैक का अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे नगर के युवाओं के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल के कई युवक भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। नशे की लत के कारण क्षेत्र में मोबाइल छीनने, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो रही है।
सभासदों ने बताया कि जब रंगरेजान-2 वार्ड के सभासद प्रतिनिधि मनोज गुप्ता ने नशेड़ियों का विरोध किया, तो उन्हें खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर नगर के कई सभासद 11 मार्च 2026 को पलिया कोतवाली प्रार्थना पत्र देने पहुंचे थे।
आरोप है कि उस दौरान कोतवाली प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने सभासदों से अभद्र भाषा में बात की और उन पर ही नशेड़ियों की पैरवी करने का आरोप लगाते हुए उनका प्रार्थना पत्र लेने से इनकार कर दिया। इससे नाराज सभासदों को बिना शिकायत दर्ज कराए ही वापस लौटना पड़ा।
इस घटना के बाद नगर पालिका के सभासदों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। सभासदों ने पलिया विधायक रोमी साहनी से मांग की है कि मामले की जांच कराते हुए कोतवाली प्रभारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई और शीघ्र स्थानांतरण किया जाए, साथ ही नगर में चल रहे स्मैक कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
📌 सभासदों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मुद्दे को लेकर आगे बड़ा आंदोलन करने के लिए भी बाध्य होंगे।
